नई दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में शनिवार सुबह एक नाबालिग छात्र ने स्कॉर्पियो कार से तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पान खोखा संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो किशोरियों को मामूली चोटें आईं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब आठ बजे आरामबाग में हुआ, जब दसवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र कार लेकर सड़क पर निकला और कार अनियंत्रित होकर लोगों को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे पान के खोखे में जा घुसी।
पुलिस के अनुसार, कार छात्र के पिता के नाम पर पंजीकृत है और वह परिवार के साथ आरामबाग में ही रहता है। हादसे के बाद नाबालिग कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी पुलिस पहचान की पुष्टि कर उसे तलाश कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि नाबालिग को कार चलाने की अनुमति किसने दी और वाहन से जुड़े दस्तावेज क्या कहते हैं।
घायल खोखा संचालक की पहचान 40 वर्षीय रमेश कुमार के रूप में हुई है, जो आरामबाग में पान-बीड़ी का खोखा चलाते हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मोटर वाहन अधिनियम की धारा 199ए में नाबालिगों द्वारा वाहन संबंधी अपराधों के लिए विशेष प्रावधान हैं, जिनके तहत अभिभावक या वाहन मालिक को जिम्मेदार ठहराया जाता है। कानून के मुताबिक, ऐसे मामले में अभिभावक या वाहन मालिक को दोषी मानकर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, हालांकि अगर अभिभावक यह साबित कर दें कि अपराध उनकी जानकारी में नहीं हुआ तो वे कार्रवाई से बच सकते हैं।
