पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव के बीच पाकिस्तान अगले साल की शुरुआत में अपनी अध्यक्षता में होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की संस्कृति मंत्रियों की बैठक के लिए भारत को आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है। भारत इस न्योते पर क्या रुख अपनाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित SCO की पहली सभ्यतागत संवाद बैठक में पाकिस्तान को न्योता दिया था, जिसमें पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक भी शामिल हुए थे। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद से किसी भी भारतीय मंत्री ने पाकिस्तान का दौरा नहीं किया है। इस दौरान विदेश मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव आलोक डिमरी सितंबर में SCO के राष्ट्रीय समन्वयकों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए पाकिस्तान गए थे। संस्कृति मंत्रियों की बैठक को भारत के लिए अपेक्षाकृत कम संवेदनशील माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राजनीतिक स्तर पर प्रतिबद्धताएं सीमित रहेंगी।

संस्कृति मंत्रियों की बैठक के बाद पाकिस्तान SCO के विदेश और रक्षा मंत्रियों की उच्चस्तरीय बैठकों की मेजबानी भी करेगा। इसके बाद अगस्त में इस्लामाबाद में संगठन का राष्ट्राध्यक्षों का शिखर सम्मेलन आयोजित होना है। पाकिस्तान पहले इस सम्मेलन को 14 अगस्त को आयोजित करने पर विचार कर रहा था, लेकिन अब इसे अगस्त के आखिरी हिस्से में करने की तैयारी है। शिखर सम्मेलन में भारत की ओर से आमतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होते हैं, लेकिन भारतीय अधिकारियों के मुताबिक मौजूदा परिस्थितियों में प्रधानमंत्री मोदी का इस्लामाबाद जाना बेहद मुश्किल नजर आता है। एक विकल्प के तौर पर विदेश मंत्री एस जयशंकर पाकिस्तान जाकर भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं। 2024 में भी प्रधानमंत्री की जगह जयशंकर ने कजाकिस्तान में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

नई दिल्ली में आयोजित सभ्यतागत संवाद बैठक में पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक की मेजबानी पर विपक्ष ने सवाल उठाए थे, जिसके बाद भारत ने स्पष्ट किया था कि सिंधु जल संधि पर उसके रुख में कोई बदलाव नहीं हुआ है और पहलगाम हमले के बाद यह संधि स्थगित रखी गई है। भारत लगातार यह स्पष्ट करता रहा है कि SCO जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग को भारत-पाकिस्तान के द्विपक्षीय रिश्तों में सुधार के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। भारत के लिए पाकिस्तान के साथ संबंधों में नरमी की गुंजाइश तभी बन सकती है, जब सीमा पार आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान के रुख में बुनियादी बदलाव दिखाई दे।