पलामू पुलिस ने मंगरदाहा घाटी से राहुल दुबे गैंग के चार संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये लोग लहलहे में एक निर्माण साइट से लेवी मांगने के उद्देश्य से वहां फायरिंग की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार लोगों के पास से दो देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 जिंदा गोली, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बुधवार को पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।

पुलिस टीम ने मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास घेराबंदी कर भाग रहे चार युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मो. सैफ, बंजारी निवासी युसुफ अंसारी और शाहपुर निवासी शाहिद खलीफा के रूप में हुई है।

एसपी के अनुसार, पूछताछ में सईद मोसाहिद उर्फ छोटू ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं और लहलहे में संचालित निर्माण साइट से लेवी मांगने के उद्देश्य से वहां जाकर फायरिंग करने की योजना थी। एसपी ने बताया कि छोटू का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ चैनपुर थाना में कांड संख्या 228/25 दर्ज है। छापामारी दल में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी सहित चैनपुर थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।