पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पठानकोट पहुंचे परगट सिंह ने श्री रविदास मंदिर में माथा टेका और इसके बाद पत्रकारों से बातचीत में सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आम नागरिक भी खुद को सुरक्षित नहीं समझ रहा। उन्होंने कहा कि हत्याओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। परगट सिंह ने कहा कि 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर सबसे पहले कानून व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
पठानकोट जिले में 92 एकड़ सरकारी जमीन निजी लोगों को हस्तांतरित किए जाने के मुद्दे पर भी परगट सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस जमीन की कीमत करीब 367 करोड़ रुपये बनती है और इतनी बड़ी सरकारी संपत्ति निजी लोगों के हवाले किए जाने पर सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने इस प्रकरण में जवाबदेही तय करने की मांग की।
आम आदमी पार्टी पर राजनीतिक हमला बोलते हुए परगट सिंह ने आरोप लगाया कि दिल्ली की जनता द्वारा नकारे गए लोग पंजाब पर राज कर रहे हैं और आम आदमी पार्टी यहां भाजपा की बी टीम के रूप में काम कर रही है। मुख्यमंत्री की पीली पगड़ी पर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि केवल पीली पगड़ी पहन लेने से कोई भगत सिंह नहीं बन सकता, बल्कि इसके लिए उनके विचारों, सिद्धांतों और बलिदान की भावना को अपनाना पड़ता है।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं और उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। जल्द ही प्रत्याशियों के नाम घोषित किए जाएंगे। इससे पहले उन्होंने सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व विधायक अमित विज, पूर्व विधायक जोगिंदर पाल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष पन्ना लाल भाटिया और वरिष्ठ नेता श्रीजल गुप्ता के साथ चक्की पुल स्थित श्री रविदास मंदिर में माथा टेका और श्री श्री 108 स्वामी गुरदीप गिरी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।
