दिल्ली राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने पार्श्वनाथ डेवलपर्स लिमिटेड के निदेशक संजीव कुमार जैन और राजीव जैन को जमानत देने से इनकार कर दिया है। दोनों निदेशकों ने पहले के आदेशों को वापस लेने और न्यायिक हिरासत से रिहाई की मांग की थी, जिसे आयोग ने खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति संगीता ढींगरा सहगल की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि निदेशक बार-बार निष्पादन कार्यवाही से बचने का रवैया अपना रहे हैं, जो गंभीर है।
पीठ ने कहा कि निदेशकों को प्रत्येक सुनवाई की जानकारी थी और उनकी ओर से अधिवक्ता भी पेश होते रहे। अधिवक्ता ने बकाया भुगतान को लेकर निर्देश लेने की बात कही, लेकिन आयोग के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद भुगतान संबंधी जानकारी और दस्तावेज पेश नहीं किए गए। आयोग ने टिप्पणी की कि निदेशक पर्दे के पीछे रहकर कार्यवाही पर नजर रख रहे थे। आयोग ने यह भी कहा कि कुछ घर खरीदारों के साथ बाद में हुए समझौते और भुगतान के आश्वासन उनके पुराने आचरण को खत्म नहीं कर सकते और इससे यह भरोसा नहीं मिलता कि रिहा होने के बाद वे न्यायिक प्रक्रिया से बचने की कोशिश नहीं करेंगे।
निदेशकों ने दलील दी थी कि हिरासत से बाहर आने पर वे बाकी घर खरीदारों के साथ समझौते कर सकेंगे, लेकिन आयोग ने इस तर्क को स्वीकार नहीं किया। आयोग के अनुसार, पार्श्वनाथ डेवलपर्स और उसकी समूह कंपनियों, जिनमें पार्श्वनाथ बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है, के खिलाफ 100 से अधिक निष्पादन मामले लंबित हैं। इनमें से 79 याचिकाओं की समीक्षा में 65 लंबित और 14 का निपटारा पाया गया।
दोनों निदेशकों को दो नवंबर को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। घर खरीदारों के रिफंड और मुआवजे से जुड़े मामलों में भुगतान नहीं होने के कारण उनके खिलाफ कार्रवाई की गई थी। हिरासत के दौरान उन्होंने 47 में से 17 लंबित मामलों में समझौता किया था।
