केंद्रीय कैबिनेट में फेरबदल को लेकर अटकलें चल रही हैं, हालांकि सरकार की ओर से इस पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है। इसी बीच खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार सुबह मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री वार्षिक भारत-आसियान शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद यह बैठक करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में शासन, सुधारों और कल्याण एवं विकास योजनाओं का लाभ महिलाओं तथा युवाओं तक पहुंचाने जैसे कई मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। यह बैठक मंत्रियों को सरकार के सामने मौजूद मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने में मदद करने की कवायद का हिस्सा बताई जा रही है।

मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक सितंबर में हुई थी, जिसे 'चिंतन शिविर' नाम दिया गया था। उस बैठक में मंत्रियों ने इस पर विस्तार से चर्चा की थी कि सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत वास्तविक लाभार्थियों तक कैसे पहुंचाया जाए और नागरिकों से प्रभावी ढंग से कैसे जुड़ा जाए। उस दौरान मंत्रिपरिषद को आठ समूहों में बांटा गया था और प्रधानमंत्री ने हर समूह के साथ अलग बातचीत के अलावा सभी मंत्रियों को सामूहिक रूप से भी संबोधित किया था।

सूत्रों के अनुसार, फिलहाल सरकार की 40 से 45 कल्याणकारी योजनाएं हैं और आगामी बैठक में इन पर चर्चा की संभावना है। प्रधानमंत्री मंत्रियों से सुझाव भी ले सकते हैं और सरकार के विभिन्न कामकाज को आगे बढ़ाने के तरीकों पर सलाह दे सकते हैं। बता दें कि हाल के दिनों में केंद्रीय मंत्रियों और मंत्रालयों को लाइव डैशबोर्ड तैयार करने, प्रगति की समीक्षा करने और कर्मचारियों से संवाद करने जैसे निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री मंत्रालयों की वेबसाइटों को अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाने पर भी जोर दे चुके हैं।

कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने हाल ही में संकेत दिए थे कि जल्द ही कैबिनेट विस्तार हो सकता है। उन्होंने कहा था कि विस्तार पहले शीतकालीन सत्र से पहले होने की संभावना थी, लेकिन अब इस बारे में निश्चित रूप से नहीं कहा जा सकता। उनके मुताबिक, बहुत जल्द विस्तार होने की संभावनाएं हैं, जिसमें नए चेहरों को मौका मिल सकता है और सभी जातियों को स्थान मिल सकता है।