प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दिल्ली में उपराज्यपाल आवास पर आयोजित प्रकाश पर्व कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शबद कीर्तन में हिस्सा लिया और गुरबानी सुनी। यह पहला मौका है जब मोदी दिल्ली के एलजी आवास पहुंचे हैं।
गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व मंगलवार को मनाया जाएगा। शबद कीर्तन के जरिए गुरु नानक देव की शिक्षाओं और संदेश को याद किया जाता है। आयोजन को सिख परंपरा और गुरबाणी को समर्पित रखा गया है।
प्रधानमंत्री का इस कार्यक्रम में शामिल होना इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि अगले साल पंजाब में चुनाव होने हैं।
इससे पहले पिछले महीने 25 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली के दीनदयाल पार्क में जेन-जी के बीच पहुंचे थे। वह पंडित दीनदयाल की 110वीं जयंती पर आयोजित भजन क्लबिंग कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने खंजरी बजाई और भजनों पर गुनगुनाते भी नजर आए थे।
