प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात भाजपा के दीवाली एवं नववर्ष स्नेह मिलन समारोह में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए हिस्सा लिया और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने राज्य के सभी 182 विधानसभा क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्यपाल के जनसेवा मॉडल से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आचार्य देवव्रत ने राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद को महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे जनहित और राष्ट्रहित में योगदान का माध्यम बनाया। उन्होंने गांव-गांव जाकर दलित परिवारों से मिलने और समाज के वंचित वर्गों से आत्मीय संबंध बनाने का जिक्र करते हुए इसे एक जनसेवक की संवेदनशीलता बताया। उन्होंने कहा कि आचार्य देवव्रत के कार्यों की वजह से सैकड़ों परिवार अब लोक भवन को अपना घर मानने लगे हैं।

पानीपत जिले के समालखा से संबंध रखने वाले आचार्य देवव्रत गुरुकुल कुरुक्षेत्र के संरक्षक भी हैं, जहां वे प्राकृतिक खेती करते हैं और देशभर में इसके प्रति जागरूकता फैलाने के लिए अभियान चला रहे हैं। प्रधानमंत्री ने उनके स्वच्छता, जल संरक्षण और प्राकृतिक खेती के प्रयासों को गुजरात के भविष्य से जोड़ते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की पहल अगले 100 वर्षों के गुजरात की मजबूत नींव तैयार करने में सहायक होगी।

प्रधानमंत्री ने गुजरात के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और हिमाचल प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों से कहा कि समाजसेवा के माध्यम से लोगों का भरोसा जीतना बड़ी सफलता होती है। उन्होंने अपनी पहली दीवाली (2001) कच्छ भूकंप पीड़ितों के बीच बिताने का अनुभव साझा करते हुए सेवा को त्योहारों की सच्ची खुशी बताया और कहा कि भाजपा में पद से अधिक परिश्रम और कद से अधिक काम का महत्व है।