पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) की फ्रेंचाइजी क्वेटा ग्लैडिएटर्स के मालिक नदीम ओमार ने पुष्टि की है कि वह टीम बेचने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पीएसएल, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को टक्कर नहीं दे सकती। ओमार के मुताबिक, पीएसएल का बाजार सीमित है और यहां आईपीएल जैसे प्रायोजक और कर्मशियल ईकाइयां नहीं हैं जो लीग में पैसा लगा सकें।
ओमार ने कहा कि उनके लिए पीएसएल से विदाई लेने का यह सही समय है। उन्होंने कहा, "अगर हमें सही ऑफर मिल गया और हमारी कुछ शर्तें मान ली गईं तो हम क्वेटा ग्लैडिएटर्स फ्रेंचाइजी बेचने को तैयार हैं।" उन्होंने साफ किया कि पीएसएल आईपीएल और उसकी मार्केट से टक्कर नहीं ले सकती, क्योंकि उनकी तुलना में पीएसएल का बाजार काफी सीमित है।
फ्रेंचाइजी मालिक ने कहा कि आईपीएल में कई तरह से पैसा आता है, जबकि पीएसएल में ऐसा नहीं है। उन्होंने जर्सी की बिक्री का उदाहरण देते हुए बताया कि अगर वे हजार रुपये की जर्सी बाजार में बेचते हैं, तो उसकी कॉपी जर्सी तुरंत 200 रुपये में बाजार में आ जाती है, जिससे काफी नुकसान होता है। ओमार ने कहा कि आईपीएल में टीमों की वेल्यू के मुकाबले पीएसएल के पास कोई कॉम्पटीशन ही नहीं है।
गौरतलब है कि 2025 से पीएसएल, आईपीएल के समय ही खेली जाने लगी है, और माना जा रहा था कि इसके पीछे आईपीएल को टक्कर देने की मंशा थी। हालांकि, ओमार ने साफ कर दिया है कि ऐसा नहीं हो पाया।
