कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा है कि भारत आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसकी बड़ी वजहें व्यापक बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में खामियां हैं। उन्होंने यह बात न्यूयॉर्क में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी को संबोधित करते हुए कही। राहुल गांधी अमेरिका की दो दिन की यात्रा पर हैं और आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो का दौरा भी करने वाले हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं में निराशा बढ़ रही है और इसकी सबसे अहम वजह यह है कि उन्हें अपना भविष्य नजर नहीं आता। उन्होंने बताया कि युवाओं का एक वर्ग मध्यमवर्गीय परिवारों से आता है और उसने औपचारिक शिक्षा हासिल की है। उन्होंने कहा कि वे इस विषय पर अध्ययन कर रहे हैं और इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल ने यह भी कहा कि करियर को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच दूरी बढ़ रही है। युवा पिछली पीढ़ी की सलाह और अनुभवों पर सवाल उठा रहे हैं और कह रहे हैं कि आज के समय में उनका फॉर्मूला काम नहीं करता।

स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पर राहुल गांधी ने कहा कि यह अभियान सामान्य अभियान से बिल्कुल अलग था। उन्होंने कहा कि इसमें अनुमान से 20 से 50 गुना तक ज्यादा पैसा खर्च किया गया और इतना पैसा कहां से आया, इस पर कई सवाल हैं जिनका जवाब मिलना चाहिए। चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अचानक 5 लाख वोटों का मार्जिन मिलना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास चुनावी नतीजों और वोटों के आंकड़ों को लेकर कई सवाल और चुनावी धांधली के कई सबूत हैं, जिन्हें सामने लाने के लिए पार्टी काम कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि उनका मकसद देश की चुनावी व्यवस्था को फिर से दुरुस्त करना है। उनके मुताबिक, चुनावी व्यवस्था को ठीक किए बिना कुछ नहीं हो सकता, क्योंकि निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।