कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान भारत की आर्थिक स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जिसकी प्रमुख वजह बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं हैं। राहुल गांधी इन दिनों दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर हैं।

यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी की समस्या को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए। कार्यक्रम में मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन ने उनसे भारत के युवाओं की मौजूदा स्थिति के बारे में पूछा था।

जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं के एक वर्ग में मौजूदा हालात को लेकर निराशा बढ़ रही है। इस वर्ग में मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले और औपचारिक शिक्षा प्राप्त करने वाले युवा भी शामिल हैं, जिन्हें अपने भविष्य को लेकर उम्मीद नजर नहीं आ रही है। उन्होंने युवाओं और उनके माता-पिता के बीच बढ़ती सोच की दूरी का भी जिक्र किया और कहा कि नई पीढ़ी अपने माता-पिता के अनुभवों और करियर से जुड़ी सलाह पर सवाल उठा रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि देश के सामने बेरोजगारी, भविष्य में सीमित अवसर और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताएं बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने जोर दिया कि इन समस्याओं को नजरअंदाज करने से समाधान नहीं होगा और युवाओं में बढ़ती निराशा को समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि उन्हें अपने भविष्य को लेकर भरोसा क्यों नहीं है। कार्यक्रम के बाद उनका 18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी जाने का कार्यक्रम है।