कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क के कोलंबिया विश्वविद्यालय में छात्रों और फैकल्टी सदस्यों को संबोधित करते हुए भारत की अर्थव्यवस्था को आपदा की कगार पर खड़ा बताया। यह दावा ऐसे समय में किया गया, जब कई अंतरराष्ट्रीय रेटिंग एजेंसियों ने चालू वित्त वर्ष के लिए भारत की विकास दर के अपने अनुमान बढ़ाए हैं। मूडीज, एसएंडपी और एशियन डेवलपमेंट बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की विकास दर का अनुमान बढ़ाकर सात प्रतिशत किया है, जबकि फिच ने अपना 6.4 प्रतिशत का अनुमान बढ़ाकर 6.9 प्रतिशत कर दिया है।
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने भी मोदी सरकार के नीतिगत सुधारों की सराहना करते हुए कहा है कि भारत वैश्विक ऊर्जा और वित्तीय झटकों का सफलतापूर्वक सामना कर रहा है। आईएमएफ के अनुसार, घरेलू मांग, सेवा क्षेत्र की बेहतर गतिविधियों, अनुकूल जनसांख्यिकी और लगातार हो रहे संरचनात्मक सुधारों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी रहेगी।
आलोचना यह भी है कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान मोदी सरकार को नाकाम बताना अपनी प्राथमिकता बना चुके हैं। उन्होंने कोलंबिया विश्वविद्यालय में 2024 के लोकसभा चुनाव नतीजों की वैधता पर भी सवाल उठाया। गौरतलब है कि भाजपा 240 सीटों पर सिमट गई थी और कांग्रेस 99 सीटें पाकर विपक्ष के नेता का पद हासिल कर सकी थी।
टिप्पणी में यह भी कहा गया है कि अमेरिका में मध्यावधि चुनाव नतीजों के बाद वैश्विक शेयर बाजारों में गिरावट के बीच भारतीय बाजार में उछाल दर्ज हुआ और रुपये में भी मजबूती आई।
