लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के समर्थकों के मन में भय, क्रोध और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वह इन लोगों को इस जाल से मुक्त करें। राहुल गांधी ने यह बयान अपनी मां सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन समारोह में की गई टिप्पणियों की सोशल मीडिया में हो रही आलोचना के बीच दिया। उन्होंने एक्स पर भगवान शिव और माता पार्वती के उमा-महेश्वर स्वरूप वाली तस्वीर भी साझा की और पोस्ट के अंत में 'सत्यम शिवम सुंदरम' लिखा।
इससे पहले राहुल गांधी ने नई दिल्ली में सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन समारोह में अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी के प्रेम का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि खाना खाते समय उनकी मां अक्सर उनके पिता की गोद में बैठती थीं और बचपन में उन्हें यह सामान्य बात लगती थी।
असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी के बयान की आलोचना की थी। राहुल के नए पोस्ट पर भी उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। सरमा ने एक्स पर लिखा कि किसी व्यक्ति का पतन तब तेजी से शुरू होता है, जब वह ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय स्वयं को ईश्वर की तरह प्रस्तुत करने लगता है। उन्होंने कहा कि साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं, बल्कि अहंकार है। सरमा ने कहा कि कोई भी गांधी या कोई भी इंसान कभी ईश्वर नहीं बन सकता।
