उदयपुर के आरएनटी मेडिकल कॉलेज के एक शोध में दक्षिण राजस्थान के आदिवासी बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर तथ्य सामने आए हैं। अध्ययन में 13 प्रतिशत बच्चों में पर्याप्त आयोडीन के बावजूद घेंघा, साथ ही एनीमिया, विटामिन बी-12 और आयरन की कमी पाई गई।
शोधकर्ताओं ने दिसंबर 2021 से दिसंबर 2022 के बीच जिले के पांच भौगोलिक क्षेत्रों के 30 स्कूलों में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 1,599 आदिवासी बच्चों का परीक्षण किया। शोध के निष्कर्ष इंडियन जर्नल ऑफ मेडिकल रिसर्च में प्रकाशित हुए हैं। अध्ययन में 13.07 प्रतिशत बच्चों में घेंघा पाया गया। खास बात यह रही कि बच्चों में आयोडीन का स्तर पर्याप्त होने के बावजूद यह समस्या सामने आई। जांच में मूत्र में आयोडीन का औसत स्तर 195.8 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिला। वहीं 1,447 बच्चों की थायराइड संबंधी जांच में 11.47 प्रतिशत में सब-क्लिनिकल हाइपोथायरायडिज्म पाया गया।
शोध में घेंघा से प्रभावित और अप्रभावित बच्चों के 100-100 के दो समूहों की तुलना की गई। इसमें घेंघा प्रभावित बच्चों में 58 प्रतिशत और दूसरे समूह में 55 प्रतिशत बच्चों में विटामिन बी-12 की कमी मिली। इसी तरह आयरन की कमी क्रमशः 61 और 65 प्रतिशत बच्चों में दर्ज हुई। हालांकि इन कमियों का घेंघा से सीधा संबंध प्रमाणित नहीं हुआ। अध्ययन में शामिल कुल 1,599 बच्चों में 35.93 प्रतिशत एनीमिया से प्रभावित मिले। इनमें 19.2 प्रतिशत में हल्का, 15.35 प्रतिशत में मध्यम और 1.3 प्रतिशत में गंभीर एनीमिया दर्ज किया गया। घेंघा प्रभावित बच्चों में थायराइड से जुड़े एंटी-टीपीओ एंटीबॉडी 68 प्रतिशत में मिले, जबकि घेंघा रहित बच्चों में यह आंकड़ा 52 प्रतिशत रहा। शोधकर्ताओं के अनुसार थायराइड ऑटोइम्यूनिटी घेंघा का एक महत्वपूर्ण कारक हो सकती है।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरएल सुमन का मानना है कि बच्चों में शुरुआती स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान, नियमित जांच, पोषण संबंधी जागरूकता और सरकारी स्वास्थ्य अभियानों में जनभागीदारी जरूरी है। समय रहते जांच और उपचार से भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम कम किया जा सकता है।
