रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 132वें संविधान संशोधन विधेयक को केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी को ऐतिहासिक निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि इस कदम से भारतीय लोकतंत्र को अधिक समावेशी बनाने और जनप्रतिनिधित्व का दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी। यह विधेयक महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता सुगम बनाने के उद्देश्य से है।

एक्स पर एक पोस्ट में राजनाथ सिंह ने इस फैसले का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया और विधायी निकायों में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर इसके महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल की ओर से 132वें संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दिया जाना एक ऐतिहासिक निर्णय है।

रक्षा मंत्री ने इस कानून के संभावित प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं के लिए प्रस्तावित आरक्षण से लोकतांत्रिक भागीदारी और शासन व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रविधान विधायी संस्थाओं में उनकी भागीदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।