रतलाम जिले के रावटी स्थित शासकीय बालिका छात्रावास में दो दिनों में 12 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी है। गुरुवार को नौ छात्राओं को चक्कर और घबराहट की शिकायत हुई थी, जबकि शुक्रवार सुबह प्रार्थना के दौरान तीन और छात्राएं बीमार पड़ गईं। स्कूल प्रबंधन ने बीमार छात्राओं को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। छात्रावास में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं, हालांकि फूड पॉइजनिंग की पुष्टि नहीं हुई है।
शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल शुरू होने के बाद प्रार्थना के दौरान कक्षा छठवीं, सातवीं और आठवीं की तीन छात्राओं को अचानक चक्कर आने लगे। ये छात्राएं रावटी के नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती हैं। एक दिन पहले गुरुवार को भी नौ छात्राओं ने चक्कर आने और घबराहट की शिकायत की थी, जिनमें से चार को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। बताया गया है कि बुधवार रात छात्राओं ने गोभी-आलू और टमाटर की सब्जी खाई थी, लेकिन भोजन और तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर बाजना और रावटी के तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने छात्राओं और उनकी सहपाठियों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, फिर भी छात्रावास की खाद्य सामग्री की जांच कर सैंपल लिए गए हैं। अधिकारियों ने छात्राओं से लगातार संवाद कर उनकी स्थिति पर नजर रखने की बात कही है। उपचार कर रहे चिकित्सकों के अनुसार छात्राओं की हालत फिलहाल ठीक है।
गुरुवार और शुक्रवार को बीमार हुई छात्राओं में अंशिका (12), मुस्कान, प्रियंका, अनुराधा, लक्ष्मी, आयुषी, दिव्या (15), सत्यबाला (8), बुलबुल (10), राधा (13), सूर्या और सोनू (14) शामिल हैं। इनमें राधा, सूर्या और सोनू की तबीयत शुक्रवार को बिगड़ी, जबकि बाकी नौ छात्राएं गुरुवार को बीमार हुई थीं। फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति ठीक बताई जा रही है। खाद्य सामग्री के सैंपल की जांच और छात्राओं की निगरानी के बाद ही बीमारी की वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी भंवर लाल देवड़ा, बीआरसी उपेंद्र सिंह राठौर, जन शिक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर, कस्बा पटवारी रंजिता गोदा तथा शिक्षक संतोष राठौड़ और ब्रह्मपाल दोहरे भी अस्पताल पहुंचे।
