मुकेश अंबानी की रिलायंस जियो एलन मस्क की स्टारलिंक को भारत में चुनौती देने के लिए लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में 1600 सैटेलाइट का नेटवर्क तैयार करने की योजना बना रही है। कंपनी इस परियोजना के लिए भारत और विदेश की कंपनियों के साथ साझेदारी की संभावनाएं तलाश रही है। मकसद देश में सैटेलाइट इंटरनेट की मजबूत और घरेलू व्यवस्था खड़ी करना है।
रिलायंस ग्रुप सैटेलाइट निर्माण के लिए भारतीय कंपनियों, टेक्नोलॉजी स्टार्टअप और बड़े औद्योगिक समूहों से बातचीत कर रहा है। कंपनी जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने में निवेश की पेशकश भी कर रही है। योजना के मुताबिक सितंबर 2027 में टेस्ट मिशन हो सकता है, जबकि बड़े स्तर पर सैटेलाइट तैनाती 2028 की शुरुआत से शुरू हो सकती है। पहले पूरा नेटवर्क 2030 तक तैयार करने की योजना थी, लेकिन सैटेलाइट निर्माण और लॉन्च से जुड़ी चुनौतियों के कारण अब इसकी समयसीमा बढ़ाकर 2035 कर दी गई है। इस नेटवर्क के जरिए जियो प्लेटफॉर्म्स अपने सैटेलाइट इंटरनेट कारोबार का विस्तार करना चाहती है, और यह मुख्य रूप से भारत की कनेक्टिविटी जरूरतों को पूरा करने पर केंद्रित होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक भारत फिलहाल सालाना 15 से भी कम सैटेलाइट बनाता है, जबकि प्रस्तावित नेटवर्क के लिए हर साल करीब 200 सैटेलाइट की जरूरत होगी। इसके लिए रिलायंस घरेलू के साथ विदेशी कंपनियों की भी मदद लेने की तैयारी में है। कंपनी अमेरिका से कम से कम 400 सैटेलाइट खरीदने की योजना पर काम कर रही है, दो अमेरिकी कंपनियों के साथ बातचीत चल रही है और यूरोप के सप्लायर्स का भी मूल्यांकन किया जा रहा है।
एलन मस्क की कंपनी SpaceX की स्टारलिंक पहले से सैटेलाइट इंटरनेट कारोबार में मजबूत स्थिति में है और उसके नेटवर्क में 10,000 से ज्यादा सैटेलाइट हैं। ऐसे में रिलायंस के 1600 सैटेलाइट वाले प्रस्तावित नेटवर्क को भारत में स्टारलिंक को सीधी चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।
