रूस ने गुरुवार को यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलेस्टिक मिसाइलों से हमला किया, जिसमें सात लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के प्रधानमंत्री सर्गी कोरेत्स्की के अनुसार, रूस ने ओडेसा बंदरगाह के करीब एक लाख मीट्रिक टन से ज्यादा खाद्यान्न लेकर जा रहे दो विदेशी मालवाही जहाजों पर भी हमला किया। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि हमले में जहाज डूबे हैं या क्षतिग्रस्त हुए हैं।
कीव में ताजा हमले में रूस ने शॉपिंग सेंटर और कई अन्य स्थानों को निशाना बनाया। वहीं, यूक्रेन के रूस के नियंत्रण वाले जपोरीजिया हिस्से पर ड्रोन हमले में पांच लोगों की मौत हो गई।
जहाजों पर हमले के बाद यूक्रेन ने कहा है कि ओडेसा बंदरगाह पर रूस के लगातार हमलों के चलते जुलाई से वहां खाद्यान्न का लदान बंद है। यूक्रेन ने यह नहीं बताया कि हमले का शिकार हुए दोनों जहाजों पर खाद्यान्न कहां लादा गया था। युद्ध से पहले यूक्रेन के तीन बंदरगाहों से उसके 90 प्रतिशत कृषि उत्पादों और धातुओं का निर्यात होता था। बीते एक वर्ष में यूक्रेनी बंदरगाहों पर रूस के हमलों के चलते यूक्रेन ने निर्यात के लिए अपने रेल नेटवर्क का इस्तेमाल बढ़ा दिया है और खाद्यान्न मालगाड़ियों से काला सागर के किनारों और पड़ोसी देशों तक भेजा जा रहा है।
रूस ने कहा है कि उसकी सेना नागरिक ठिकानों और उनसे जुड़े संसाधनों पर हमले नहीं करती। रूस का यह बयान लीबिया में उसके युद्धपोत और फिनलैंड की खाड़ी में एक मालवाही जहाज पर यूक्रेनी हमलों के बाद आया है। रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन अब लड़ाई को भूमध्य सागर और बाल्टिक सागर तक बढ़ाने की कोशिश कर रहा है।
