कॉमेडियन समय रैना दुनिया के पहले ऐसे यूट्यूब क्रिएटर बन गए हैं, जिनके चैनल के सदस्यों (चैनल मेंबर्स) की संख्या दस लाख के आंकड़े को पार कर गई है। हालिया पोस्ट में यूट्यूब टीम ने यह जानकारी दी। टीम के मुताबिक, ग्रैंडमास्टर्स के साथ बातचीत से लेकर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' जैसे शो बनाने तक समय ने अपने चैनल को लाखों लोगों के लिए एक बेहतरीन वर्चुअल हैंगआउट बना दिया है। ब्लॉग में कहा गया कि यह आंकड़ा भारत में चल रहे एक बड़े सांस्कृतिक बदलाव को दर्शाता है, जहां दर्शक अब केवल दूर से देखने वाले नहीं रह गए हैं। फिलहाल यूट्यूब पर समय के 1.24 करोड़ सब्सक्राइबर्स हैं।

समय रैना कई विवादों और कानूनी पचड़ों में फंस चुके हैं। फरवरी 2025 में उनका शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद में आ गया था, जब यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने एक एपिसोड के दौरान माता-पिता और सगे संबंधियों के बीच यौन संबंध को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इससे सोशल मीडिया पर व्यापक आक्रोश फैल गया। घटना के चलते रणवीर, समय और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कई पुलिस शिकायतें और एफआईआर दर्ज की गईं। रणवीर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। समय ने भी माफी मांगी और अपने यूट्यूब चैनल से शो के सभी एपिसोड हटा दिए।

2026 में समय ने अपना कॉमेडी स्पेशल 'स्टिल अलाइव' रिलीज किया, जिसमें उन्होंने विवाद के दौरान अपने अनुभव बताए और शो के दूसरे सीजन की घोषणा की। 'इंडियाज गॉट लेटेंट' सीजन 2 के फिनाले एपिसोड में उन्होंने कहा कि दो साल पहले विवाद के समय सब कुछ बिगड़ गया था और वे डिप्रेशन में थे। उन्हें अंदाजा नहीं था कि शो इस तरह वापस आएगा। नया सीजन यूट्यूब और नेटफ्लिक्स दोनों पर रिलीज हुआ, जिसकी शुरुआत आलिया भट्ट के गेस्ट के तौर पर आने से हुई। इसके बाद वरुण धवन, हुमा कुरैशी, करण औजला और अन्य लोग पैनलिस्ट के रूप में नजर आए।