सारनाथ में कार्तिक बुद्ध पूर्णिमा के लिए बौद्ध मठों और मंदिरों की सजावट शुरू हो गई है। महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में 22 से 24 नवंबर तक तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों के दर्शन और महापरित्रण पाठ मुख्य आकर्षण रहेंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भगवान बुद्ध की प्रथम उपदेश स्थली सारनाथ में कार्तिक पूर्णिमा को लेकर सभी बौद्ध मठों और मंदिरों में सजावट का काम शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर विविध धार्मिक अनुष्ठान होंगे और देश-विदेश से आस्थावानों तथा बौद्ध मतावलंबियों का जमावड़ा होगा।
महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया द्वारा संचालित मूलगंध कुटी बौद्ध मंदिर की साफ-सफाई के साथ पंचशील झंडों और बिजली की रंगीन झालरों से सजाया जा रहा है। विहाराधिपति भिक्षु आर सुमिता नंद थेरो ने बताया कि सोसाइटी के तत्वावधान में 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान होगा, जिसमें तीनों दिन भगवान बुद्ध के अस्थि अवशेषों के दर्शन होंगे। साथ ही महापरित्रण पाठ भी होगा। 24 नवंबर को भगवान बुद्ध की अस्थि कलश का जुलूस निकलेगा। बौद्ध मठों को रंग-रोगन, पंचशील झंडों और बिजली की रंगीन झालरों से सजाया गया है।
प्रभारी भिक्षु चंदिमा थेरो ने बताया कि 22 नवंबर को सुबह 9 बजे मंदिर में 500 बौद्ध भिक्षुओं का कठिन चीवर दान होगा और दोपहर डेढ़ बजे धम्म सभा होगी। रात में दर्जनों बौद्ध भिक्षु लोक मंगल के लिए पूरी रात परिसर में बोधि वृक्ष के नीचे महापरित्रण पाठ करेंगे। कार्तिक पूर्णिमा पर श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, नेपाल और भूटान से लगभग पांच हजार बौद्ध अनुयायी शामिल होंगे। थाई, चाइनीज, वियतनामी, कंबोडिया और तिब्बती बौद्ध मंदिरों में भी सजावट का काम शुरू कर दिया गया है।
