जनकपुर धाम (नेपाल) से अयोध्या कैंट के लिए चलने वाली साप्ताहिक सरयू कमला एक्सप्रेस शनिवार को जयनगर और शीशो होते हुए 16 मिनट की देरी से सीतामढ़ी स्टेशन पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों ने जय श्रीराम और जय-जय सियाराम के जयघोष के साथ उसका स्वागत किया। इस दौरान रेल प्रशासन स्टेशन के ध्वनि विस्तारक यंत्र से यात्रियों को ट्रेन यात्रा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश देता रहा। राजकीय रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल अपनी ड्यूटी पर तैनात रहे। दिन में लगभग एक बजे से समस्तीपुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी आरके सिंह ट्रेन के टिकट की उपलब्धता की जानकारी दे रहे थे, ताकि यात्री आराम से टिकट ले सकें।
गाड़ी संख्या 15595/15596 जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम एक्सप्रेस (साप्ताहिक) का नियमित परिचालन जनकपुर धाम से 28 नवंबर 2026 तथा अयोध्या कैंट से 30 नवंबर 2026 से प्रारंभ किया गया है। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है। यह ट्रेन जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार तथा अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार परिचालित की जाएगी।
भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या जाने के लिए शुरू की गई इस ट्रेन में सीतामढ़ी से सबसे पहले आदित्य कुमार ने अपने परिवार के चार सदस्यों का टिकट कटाया। इसके अलावा शुक्रवार को कोइली नानपुर के जयशंकर प्रसाद अपनी पत्नी बेबी देवी के साथ, बनाउल निवासी लालबाबू साह, बड़ी बेहटा निवासी सिद्धांत कुमार, रेशमा करी और धनकौल निवासी साक्षी देवी अपने पोता के साथ शाम चार बजे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन का इंतजार करते दिखे।
