शाहजहांपुर में दुष्कर्म के आरोपी विनोद शर्मा ने जेल और सजा से बचने के लिए नेत्रहीन राजपाल की हत्या कर अपनी मौत का नाटक रचने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, सिउड़ी गांव निवासी विनोद पर दुष्कर्म और मारपीट समेत कई प्राथमिकी दर्ज हैं। जमानत पर छूटने के बाद वह दोबारा कोर्ट में पेश नहीं हुआ, जिस पर उसके खिलाफ कुर्की वारंट जारी हुआ था। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी, इस कारण उसकी पत्नी पूजा और बेटा आदित्य दिल्ली चले गए थे।
17 नवंबर को गांव से कुछ दूर एक कुएं में एक युवक का धड़ मिला। अगले दिन दिल्ली से लौटी पूजा ने धड़ के पैर में बंधे धागे के आधार पर उसे विनोद का बताया और ग्राम प्रशासक राजेश, उसके भाई योगेश, मुकेश तथा परिवार के शिवम, गौतम, नीरज, दिव्यांश, इंद्रपाल और जयचंद्र के खिलाफ रंजिशन हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई। उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्वजन ने जाम भी लगाया था।
विनोद के आपराधिक इतिहास के कारण पुलिस को पूजा की कहानी पर शक हुआ। जांच में सामने आया कि कुएं में मिला धड़ विनोद का नहीं, बल्कि निगोही निवासी नेत्रहीन राजपाल का था। पुलिस के अनुसार, जमानत पर छूटने के बाद विनोद खुद को तंत्र विद्या का जानकार बताने लगा था और उसने राजपाल को आंखों की रोशनी वापस दिलाने का झांसा दिया। कुछ वर्ष पहले विवाद के दौरान राजपाल की पत्नी ने उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी थी, जिसके बाद से उन्हें दिखना बंद हो गया था। पुलिस के अनुसार, विनोद ने रात में गांव के बाहर राजपाल की गर्दन काटकर हत्या की, धड़ कुएं में और सिर अरिल नदी में फेंक दिया तथा धड़ के पास अपने आधार कार्ड की प्रति रख दी, ताकि पहचान उसके नाम पर हो जाए। पूजा ने भी धड़ को विनोद का बताकर अंतिम संस्कार कर दिया।
17 नवंबर को धड़ मिलने पर पुलिस ने शिनाख्त के लिए ग्रामीणों को एकत्र किया था, उस दिन विनोद के परिवार के लोग भी आए थे, लेकिन उन्होंने शिनाख्त नहीं की। पुलिस को पूजा के दावे पर शक था, क्योंकि धड़ की बनावट और उम्र विनोद से मेल नहीं खा रही थी। जांच में कड़ियां जुड़ती गईं और एक टीम राजपाल के घर भी पहुंची। सोमवार रात पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस विनोद की तलाश कर रही है। पुलिस ने विनोद के कुछ करीबियों को पकड़कर पूछताछ शुरू की है।
