दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में प्रेसवार्ता करते हुए घोषणा की कि 6 फ्लैग स्टाफ रोड स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बंगले को 'शीश महल' के रूप में आम जनता के लिए खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले कैबिनेट बैठक में तय हुआ था कि इसे स्टेट गेस्ट हाउस में बदला जाएगा, लेकिन जनता की मांग पर अब इसे आम लोगों के लिए खोलने का फैसला लिया गया है। मंत्री ने बताया कि घूमने की व्यवस्था, टिकट बुकिंग और रिजर्वेशन से जुड़ी आगे की जानकारी जल्द शेयर की जाएगी।
प्रवेश वर्मा ने इस मौके पर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सबसे पहले देश की मीडिया को दिखाया जाएगा कि कैसे एक व्यक्ति, जिसने कभी दावा किया था कि वह न सरकारी गाड़ी लेगा और न सरकारी बंगला, उसने अपने कार्यकाल में कई मौजूदा बंगलों, नौकरों के क्वार्टर और गैरेज तोड़कर यह शीश महल बनवाया।
मंत्री ने कहा कि जनता को पूरी जगह घुमाया जाएगा, जहां वे खुद हर कमरे में स्मार्ट लाइटिंग, करोड़ों रुपये के पर्दे और वियतनाम से मंगाए गए मार्बल जैसी चीजें देख सकेंगी। उन्होंने कहा कि हर कोई अपनी आंखों से देख सकेगा कि दिल्ली में भ्रष्टाचार का सबसे बड़ा उदाहरण क्या है।
