बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनी है। दो साल से अधिक समय से भारत में रह रहीं हसीना ने वापसी के लिए बांग्लादेश के विजय दिवस का दिन चुना है। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार को बताया कि हसीना ने दिल्ली से ढाका तक की यात्रा के लिए बांग्लादेश की सरकारी विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस का विमान उपलब्ध कराने की मांग की है।
हालांकि, उनकी वापसी आसान नहीं दिख रही है। बांग्लादेश सरकार उन्हें लौटने पर गिरफ्तार कर जेल भेजने की बात कह चुकी है। हसीना ने पहले कहा था कि उन्हें पता है कि बांग्लादेश पहुंचने पर उन्हें हिरासत में लिया जा सकता है या जेल भेजा जा सकता है, लेकिन इससे उनका फैसला नहीं बदलेगा।
बता दें कि 5 अगस्त 2024 को सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ शुरू हुआ छात्र आंदोलन सरकार विरोधी आंदोलन में बदल गया था और हसीना को देश छोड़ना पड़ा था। उन्होंने बाद में दावा किया था कि वह और उनकी बहन शेख रेहाना महज 20-25 मिनट के अंतर से मौत के मुंह से बच निकली थीं। जनवरी 2025 में आए एक ऑडियो में हसीना ने कहा था कि रेहाना और वह 5 अगस्त को बचकर निकलने में कामयाब रहे थे और शायद मौत से महज 20 या 25 मिनट के अंतर से बचे थे।
हसीना के प्रवक्ता का तर्क है कि जब उन्हें 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था, तो अब उनकी वापसी की व्यवस्था करना भी सरकार की जिम्मेदारी है। 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है; 1971 में इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने आत्मसमर्पण किया था।
