शेख हसीना के मुल्क वापसी की तारीख सामने आ गई है। खबर है कि वह 16 दिसंबर को ढाका वापसी की तैयारी कर रही हैं। हालांकि, इस पर बांग्लादेश सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। यह पहला मौका है जब पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री के लौटने की स्पष्ट तारीख सामने आई है। वह दो साल से भारत में रह रही हैं और उनके प्रत्यर्पण को लेकर नई दिल्ली और ढाका के बीच तनाव बना हुआ है।
बातचीत में हसीना के प्रवक्ता ने वापसी की पुष्टि की है। प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने कहा कि चूंकि शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश के विमान से भारत आई थीं, इसलिए वह सरकार से अपील कर रही हैं कि दिल्ली से ढाका आने के लिए हवाई यात्रा की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि संविधान के खिलाफ जाकर उन्हें देश से बाहर भेजने के बाद अब सरकार का कर्तव्य है कि 16 दिसंबर को विजय दिवस पर उनकी वापसी का रास्ता साफ करे। हसीना बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस से लौटने की इच्छा जता चुकी हैं और इस संबंध में बांग्लादेश सरकार को सूचित किया गया है।
बांग्लादेश लगातार शेख हसीना के प्रत्यर्पण की कोशिशें कर रहा है। आवामी लीग नेता ने उनके ढाका लौटने के लिए पहचान पत्र और पासपोर्ट की अपील की थी। वह नागरिक के तौर पर ढाका जाना और मुकदमे का सामना करना चाहती हैं। बांग्लादेश की अदालत ने उन्हें मौत की सजा सुनाई है। ढाका का कहना है कि हसीना को आम यात्री के रूप में लौटने की अनुमति देने के बजाय द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि के तहत भारत से वापस लाया जाना चाहिए। उन्हें 2024 में प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई के सिलसिले में मानवता के खिलाफ अपराधों के लिए नवंबर 2025 में उनकी अनुपस्थिति में मृत्युदंड सुनाया गया था। हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और अदालत के सामने सरेंडर करने की मंशा जताई है। उन्होंने अपने खिलाफ लगे आरोपों से इनकार किया है। अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के कारण उनकी सरकार गिरने के बाद देश छोड़कर जाने पर अंतरिम सरकार ने उनका पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र रद्द कर दिया था।
इस बीच, नवंबर की शुरुआत से बांग्लादेश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसा का दौर जारी है। आंकड़ों के मुताबिक अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है और आवामी लीग तथा बीएनपी समर्थकों के बीच झड़पों की खबरें सामने आ रही हैं। नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान के लिए मौजूदा स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। भारत ने बांग्लादेश में जारी हिंसा पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।
