श्योपुर की जिलाधिकारी शीला दाहिमा का स्टूडियो में गाना गाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आईएएस अधिकारी हेडफोन और काले चश्मे के साथ फिल्म 'ये जवानी है दीवानी' का गाना 'दिल्ली वाली गर्लफ्रेंड' गाती नजर आ रही हैं। यह वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है और उनकी तारीफ की जा रही है।
जिलाधिकारी शीला दाहिमा ने खुद इस वीडियो के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इंटरनेट पर वायरल हो रही यह क्लिप अभी की नहीं, बल्कि लगभग दो से तीन साल पुरानी है। उन्होंने यह भी बताया कि संगीत से उनका लगाव बचपन से ही रहा है। प्रशासनिक जिम्मेदारियों से मिली थोड़ी फुर्सत में भी वे गाने का रियाज करना नहीं भूलतीं।
सोशल मीडिया पर लोग कलेक्टर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि काम के भारी तनाव के बीच भी अपने पैशन को इस तरह जिंदा रखना हर किसी को उनसे सीखना चाहिए।
