महाराष्ट्र में एनसीपी में विलय की अटकलों के बीच शिवसेना को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना ने कहा है कि शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) विलय कर सकती है, हालांकि पार्टी ने एक शर्त भी रखी है। साल 2022 में शिवसेना में टूट के बाद दल का नाम और चुनाव चिह्न एकनाथ शिंदे गुट को मिला था।
केंद्रीय मंत्री प्रताप जाधव ने प्रस्ताव रखा है कि शिवसेना यूबीटी उनके साथ शामिल हो सकती है। विलय को लेकर उन्होंने शर्त रखते हुए कहा कि उनके पूर्व नेता पार्टी की नीतियों से दूर हो गए थे और वे एकनाथ शिंदे के साथ चले गए, जो बालासाहब के आदर्शों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर दूसरे समूह के लोग भी बालासाहब के आदर्शों को मानते हैं, तो उनका स्वागत है। शिंदे गुट उद्धव समूह पर बालासाहब ठाकरे की नीतियों से दूर होने का आरोप लगाता रहा है। इस प्रस्ताव पर उद्धव ठाकरे की पार्टी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
शिवसेना नेता चंद्रकांत रघुवंशी ने भी ऐसी संभावनाएं जताई हैं। उन्होंने कहा कि अगर उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे साथ आते हैं, तो वो असली दिवाली होगी। सांसद ओमराज निम्बालकर ने कहा कि अगर दो सेनाएं साथ आती हैं, तो आम आदमी को फायदा होगा।
इस बीच शिवसेना यूबीटी एनसीपी विलय की अटकलों को लेकर शरद पवार पर निशाना साध रही है। पार्टी नेता संजय राउत ने कहा कि शरद पवार और उनकी पार्टी महा विकास आघाडी और इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं और अफवाहें इस वरिष्ठ नेता की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। एनसीपी विलय पर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है। एक ओर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की एनसीपी का कहना है कि इसपर उनके फैसला लेने तक कुछ नहीं कहा जा सकता, वहीं शरद पवार की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ऐसे किसी प्रस्ताव से इनकार कर रही हैं।
