सोने की कीमतों में गिरावट के चलते सिद्धार्थनगर जिले के सराफा बाजार में खरीदारी बढ़ी है। जिला मुख्यालय पर भारी जेवरों की बिक्री में करीब डेढ़ गुना उछाल देखा जा रहा है। सराफा कारोबारी आनंद अग्रहरि के अनुसार ग्राहक हल्के आभूषणों के बजाय भारी जेवर पसंद कर रहे हैं। लगन के मद्देनजर हार, मांगटीका, झुमका और झाल की मांग बढ़ी है। चांदी के आभूषण खरीदने वाले कुछ ग्राहक भी अब सोने के हल्के जेवरों की ओर रुख कर रहे हैं।

वहीं शोहरतगढ़ के सराफा बाजार की स्थिति अलग है। यहां कारोबारियों का कहना है कि महंगे भाव पर खरीदे गए पुराने स्टॉक की बिक्री में नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्राहक जेवर पसंद करने के बाद तीन प्रतिशत जीएसटी जुड़ने पर खरीदारी टाल देते हैं, जिससे दुकानदारों को कम बनवाई लेकर जेवर बेचने पड़ रहे हैं। कस्बे में मंगलसूत्र, झाला, लटकन और हार की मांग है, जबकि चांदी में पायल, पावजेब और बिछिया खरीदी जा रही है।

कारोबारी टिंकू वर्मा, अर्जुन कसौधन, दीपक वर्मा और विनोद कुमार वर्मा के अनुसार इन दिनों 750 अंकित 18 कैरेट हॉलमार्क के जेवरों की मांग अधिक है। ग्राहक गोल्ड टेस्ट मशीन से सोने की शुद्धता भी परख रहे हैं। उनके मुताबिक 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.36 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1.74 लाख रुपये प्रति किलोग्राम है।

कारोबारियों का कहना है कि ग्रामीण ग्राहक उधार पर भी जेवर लेने की मांग कर रहे हैं। कुल मिलाकर कीमतों में गिरावट ने ग्राहकों की पसंद और बाजार के कारोबार, दोनों का गणित बदल दिया है।