मुंबई के भिंडी बाजार इलाके में पाकमोडिया स्ट्रीट स्थित मुसफिखाना बिल्डिंग का जर्जर हिस्सा गुरुवार सुबह से BMC ने बुलडोजर से गिराना शुरू किया। यह इमारत दाऊद इब्राहीम का पुश्तैनी घर बताई जाती है और इसमें एक मस्जिद भी है। BMC के अनुसार इमारत को C-1 श्रेणी में रखा गया था और दीवारों व छत गिरने का खतरा था, इसी कारण यह कार्रवाई की जा रही है। नगर निकाय ने स्पष्ट किया कि सिर्फ इमारत का जर्जर हिस्सा गिराया जा रहा है, पूरी मस्जिद नहीं। स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दाऊद इब्राहिम और उसका गिरोह 1993 के मुंबई बम धमाकों से जुड़े मामले में भारत में वांटेड है। धमाकों के बाद से वह देश छोड़कर भाग गया था। रिपोर्ट्स के अनुसार वह पाकिस्तान में है।
NIA सूत्रों के मुताबिक दाऊद कट्टर इस्लामिक विचारधारा फैलाने वालों की फंडिंग कर रहा है। उसने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) को बड़ा डोनेशन दिया था। इसकी पुष्टि नाइक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर आमिर गजदर ने भी की थी। आमिर के मुताबिक दाऊद ने एक मीडिएटर सुल्तान अहमद के जरिए यह डोनेशन दिया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) को शक है कि गजदर ने नाइक के NGO के लिए 200 करोड़ से ज्यादा डोनेशन जमा किया है।
जांच एजेंसियों के मुताबिक दाऊद का भाई इकबाल कासकर भारत में उसका सारा काम देख रहा है। वह दाऊद के राइट हैंड छोटा शकील के संपर्क में था। इकबाल ठाणे के बिल्डर सुरेश देवीचंद मेहता की शिकायत के बाद जेल में है। उसके साथ उसके दो गुर्गों मुमताज शेख और इसरार अली को पहले ठाणे पुलिस और फिर ED ने अरेस्ट किया है।
