अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर की हथकरघा साड़ियां लोगों का ध्यान खींच रही हैं। इनमें 2.15 लाख रुपये कीमत वाली ‘तिलफी मीना’ साड़ी सबसे अधिक चर्चा में है। मुबारकपुर से आए ताबिश के स्टॉल पर रा सिल्क, टूना सिल्क, रा मैंगो, कतान, आर्गेंजा और टसर जैसी कई किस्मों की साड़ियां प्रदर्शित की गई हैं।

ताबिश के अनुसार, तिलफी मीना साड़ी में रेशम के कपड़े पर रेशम के धागों से बेहद बारीकी से डिजाइन उकेरा जाता है। जटिल बुनाई के कारण एक साड़ी तैयार करने में करीब दो महीने और तीन कुशल कारीगरों की लगातार मेहनत लगती है। इसे बनाने में सिर्फ मजदूरी का खर्च करीब एक लाख रुपये तक पहुंचता है, जबकि उच्च गुणवत्ता वाले रेशम और अन्य सामग्री की लागत अलग से जुड़ती है।

ताबिश बताते हैं कि साड़ी की बुनाई मांग और ऑर्डर के आधार पर होती है। कई बार एक साड़ी तैयार होने से पहले ही अगली बुकिंग मिल जाती है। उनके मुताबिक, मुबारकपुर की बुनकरी पीढ़ियों से चली आ रही विरासत है, जिसकी जड़ें राजघरानों के दौर तक जाती हैं।

ताबिश के अनुसार, इस तरह की प्रीमियम साड़ियां फिल्म और फैशन जगत की हस्तियों को भी पसंद हैं। वे इस संबंध में शबाना आजमी, रेखा और अनीता अंबानी का उदाहरण देते हैं।