कानपुर में कागज कारोबारी विशाल खंडेलवाल के 22 वर्षीय बेटे संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता ने बेटे की महिला मित्र, उसके मामा समेत परिवार के खिलाफ बिठूर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि युवती के मामा ने बीते माह संभव से झगड़ा कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी और साजिश के तहत उसे बुलाकर हत्या कर दुर्घटना दर्शायी गई। पुलिस ने पहले इसे हादसा माना था और अब नए सिरे से जांच करेगी।

कौशलपुरी निवासी विशाल खंडेलवाल की गुरु कृपा पेपर ट्रेडिंग नाम से फर्म है। परिवार में पत्नी प्रीति, शादीशुदा बेटी काव्या और इकलौता बेटा संभव थे। पिता के मुताबिक, संभव 14 नवंबर की दोपहर करीब दो से ढाई बजे के बीच त्योहार पर कार से मित्रों से मुलाकात करने की बात कहकर निकला था। शाम करीब 4:05 बजे रुद्राग्रीन अपार्टमेंट के टावर-2 के एक फ्लैट में रहने वाले युवक ने संभव के मोबाइल फोन से बताया कि वह उसकी बालकनी से गिरकर घायल हो गया है। बिठूर के सिंहपुर स्थित पारस अस्पताल पहुंचने पर डाक्टर ने संभव को मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल में फोन करने वाला युवक, उसकी बहन, बहन की बेटी व बेटा भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि संभव फ्लैट में बच्चे के साथ वालीबॉल खेल रहा था और खेलते हुए बालकनी में पहुंचा, जहां दीपावली के दीयों का तेल फैला था। फिसलने से वह तीन फीट ऊंची रेलिंग पार कर गिर गया, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी गई। आरोप है कि परिवार के अलग-अलग लोगों से पूछताछ में भिन्नताएं मिलीं। पिता का आरोप है कि उसके मोबाइल फोन से भी छेड़छाड़ की गई और नीचे गिरने से उसका चश्मा, मोबाइल फोन व घड़ी क्षतिग्रस्त नहीं हुए।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि घटना को लेकर सीसी कैमरे का एक वीडियो भी मिला था, जिसमें स्पष्ट हो रहा है कि संभव की मौत ऊंचाई से गिरने की वजह से हुई। करीब 70 फीट की ऊंचाई से पीठ के बल गिरने से उसका सिर नहीं फूटा, लेकिन पसलियां टूटकर हार्ट और लिवर में घुस गई थीं। जांच के आधार पर यह हादसा लग रहा है। दिवंगत संभव के पिता की तहरीर पर युवती और उनके परिवार के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है और नए सिरे से जांच कराई जाएगी।