अमिताभ बच्चन ने बुधवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर 'बच गया' वाले पोस्ट पर सफाई दी। उन्होंने बताया कि 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग के दौरान उनकी पैंट की बेल्ट टूट गई थी, जिसके बाद उन्होंने जल्दी से नाड़ा बांध लिया और वह बच गए।
बता दें कि बीते दिनों बिग बी ने सोशल मीडिया पर 'बच गया' लिखकर पोस्ट शेयर किया था, जिससे उनके फैंस की चिंता बढ़ गई थी। फैंस अंदाजा लगा रहे थे कि 83 वर्षीय अभिनेता अपनी सेहत को लेकर कोई अपडेट दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर्स ने इस पोस्ट के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जोड़े थे, क्योंकि कथित तौर पर बिश्नोई गिरोह के सदस्यों द्वारा अभिनेता को निशाना बनाने की कथित साजिश की खबरें आ रही थीं। इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस पोस्ट ने इसलिए भी ध्यान खींचा क्योंकि तीन दिन पहले ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो कथित शूटर्स को गिरफ्तार किया था। कहा जा रहा है कि ये वही शूटर्स थे जो दिल्ली के एक बिजनेसमैन के साथ-साथ बिग बी को भी निशाना बनाने की प्लानिंग कर रहे थे।
गौरतलब है कि टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद अभिषेक बच्चन अपने पिता की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखते हुए नजर आए। पिछली दो मीटिंग में अमिताभ बच्चन ने बुलेट प्रूफ कांच के पीछे से ही फैंस से मुलाकात की।
