कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि को लेकर सरकार की आर्थिक नीतियों पर चिंता जताई है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने खाद्य वस्तुओं के दामों के आंकड़े देते हुए सरकार से महंगाई पर श्वेत पत्र जारी करने और आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस ने लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी की जेब पर पड़ रहे भार पर चिंता जताते हुए सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधा है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने खाने-पीने की वस्तुओं के दामों में हुई वृद्धि के आंकड़ों का हवाला देते हुए महंगाई पर श्वेत पत्र जारी करने तथा आम लोगों को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की तरक्की उनके भाषणों की लंबाई से नहीं, बल्कि आम लोगों की थाली में मौजूद भोजन और उनकी जेब में बचे पैसों से मापी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि 2014 में महंगाई कम करने का वादा किया गया था, लेकिन आज आम आदमी की थाली छोटी, जेब खाली और घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है। एक्स पर एक पोस्ट में खरगे ने कहा कि आटा 2014 में 21 रुपए से बढ़कर अब 69 रुपए, अरहर दाल 75 से 180 रुपए, सरसों तेल 102 से 263 रुपए, दूध 36 से 85 रुपए और चावल 29 से बढ़कर 71 रुपए प्रति यूनिट हो गए हैं। उनके मुताबिक अक्टूबर में खाद्य महंगाई 8.94 प्रतिशत और थोक महंगाई 12.29 प्रतिशत तक पहुंच गई है। खरगे ने एक सर्वे का हवाला देते हुए कहा कि 61 प्रतिशत परिवारों का घरेलू जरूरतों पर मासिक खर्च पिछले साल से 20 फीसद से अधिक बढ़ गया है और 74 प्रतिशत लोगों को गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है।
कांग्रेस के संचार महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर कहा कि कीमतें बढ़ने का दबाव केवल उपभोक्ताओं की जेब तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्पादन और कारोबार की लागत पर भी पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक के रेपो रेट बढ़ाने के बाद कई बैंकों ने होम लोन समेत दूसरे कर्जों की ब्याज दरें बढ़ा दी हैं, इसलिए प्रधानमंत्री श्वेत पत्र जारी कर बताएं कि गरीब और मध्यम वर्ग आखिर कब तक महंगाई की दोहरी मार झेलता रहेगा।
