आज भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत ग्लोबल संकेतों के बीच अहम मानी जा रही है। निवेशकों की नजर Gift Nifty के रुख, अमेरिकी और एशियाई बाजारों की चाल पर रहेगी। कारोबारी अपडेट और खबरों के चलते Coal India, PhysicsWallah, NALCO और Sky Gold & Diamonds जैसे शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है।

एशियाई बाजारों में गुरुवार सुबह मिला-जुला रुख रहा। जापान का Nikkei 225 शुरुआती कारोबार में 0.2% बढ़कर 59,159.40 पर पहुंच गया, जबकि दक्षिण कोरिया का Kospi 0.45% की बढ़त के साथ 5,090.04 पर खुला। ऑस्ट्रेलियाई बाजारों में कमजोरी देखने को मिली।

अमेरिकी बाजारों में बुधवार को मिला-जुला रुख रहा। Dow Jones 1.11% गिरकर 50,198.17 पर बंद हुआ और S&P 500 में 0.23% की गिरावट रही, जो 7,323.63 पर आ गया। वहीं Nasdaq 0.42% की बढ़त के साथ 24,429.89 पर बंद हुआ। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरों में आगे बढ़ोतरी के संकेत और मजबूत होते डॉलर ने बाजार की चिंता बढ़ाई है।

बुधवार को घरेलू बाजार में मुनाफावसूली के कारण गिरावट आई थी। Sensex 500.38 अंक यानी 0.61% टूटकर 82,031.81 पर बंद हुआ, जबकि कारोबार के दौरान यह 751.72 अंक गिरकर 81,780.47 के निचले स्तर तक पहुंच गया था। Nifty 159.45 अंक यानी 0.63% गिरकर 25,227.95 पर बंद हुआ। बाजार पर एक तरफ ग्लोबल संकेतों का दबाव है, तो दूसरी तरफ विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कंपनियों की मजबूत कमाई से लंबी अवधि के आउटलुक को सहारा मिल रहा है।