बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने गुरुवार को मुंबई के भिंडी बाजार स्थित मुसाफिरखाना इमारत को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जाता है कि यह वही इमारत है जहां कभी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम अपने परिवार के साथ रहता था और जहां उसने मुंबई में बम धमाकों की साजिश रची थी। तोड़फोड़ के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
मुंबई के डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और इमारत गिराने का काम शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है। उन्होंने कहा कि BMC की टीम सुबह से मौके पर काम कर रही है, पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और आस-पास के इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। फिलहाल कोई समस्या नहीं है।
BMC ने मुसाफिरखाना इमारत के साथ इसी परिसर में स्थित एक मस्जिद को गिराने को लेकर भी नोटिस जारी किया था। इसके विरोध में AIMIM नेता वारिस पठान ने मौके पर मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि नोटिस के खिलाफ राहत पाने के लिए कानूनी कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इमारत गिराने के लिए 18 और 19 नवंबर का समय दिया गया था।
मस्जिद से जुड़े मामले को देख रहे वकील यूसुफ बागवाला ने गुरुवार सुबह 11 बजे मुख्य न्यायाधीश की अदालत में मामला तत्काल रखने के लिए एक वकील नियुक्त किया है, ताकि नोटिस पर रोक लगवाई जा सके। वारिस पठान ने कहा कि उम्मीद है कि नोटिस पर रोक मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि बुलडोजर पॉलिटिक्स नहीं होनी चाहिए, महाराष्ट्र गजट में दिए गए 15 दिन के समय के प्रावधान का पालन होना चाहिए और जस्टिस गवई के फैसले का सम्मान और पालन किया जाना चाहिए।