सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने आरोप लगाया है कि सरकार ने उन्हें घर में नजरबंद कर दिया है और इस पर भारी खर्च किया जा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया है कि उन्हें गिरफ्तार करने और छह महीने जोधपुर जेल में रखने पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च हुए। वांगचुक ने नजरबंदी के खिलाफ अदालत का रुख किया है।
वांगचुक ने बुधवार को करीब ढाई मिनट का एक वीडियो संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने नजरबंदी और जोधपुर जेल में बिताए छह महीनों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर को उनकी नजरबंदी का आठवां दिन था। वीडियो में उन्होंने बताया कि घर के अंदर तापमान 24 डिग्री सेल्सियस है, जबकि बाहर करीब माइनस 10 डिग्री है, और सोलर हीटिंग की मदद से घर गर्म रहता है। उन्होंने बाहर तैनात सुरक्षाकर्मियों की ठंड में तैनाती का भी जिक्र किया।
वांगचुक ने दावा किया कि जोधपुर जेल में उन पर छह सिपाही तैनात थे और हर महीने करीब छह लाख रुपये का खर्च आ रहा था। उनके मुताबिक, स्पेशल हवाई जहाज से ले जाने समेत कुल खर्च लगभग एक करोड़ रुपये हुआ। उन्होंने कहा कि अभी नजरबंदी के दौरान भी 20 से 25 सिपाही और 12 से 15 गाड़ियां तैनात हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि करदाताओं का पैसा स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों और सीमा पर तैनात सैनिकों की सुविधाओं पर क्यों नहीं खर्च हो रहा।
वांगचुक ने कहा कि लद्दाख में रहने वालों को आयकर नहीं देना पड़ता, लेकिन वह सालों से टैक्स देते आए हैं। उन्होंने लोगों से पूछा कि क्या उन्हें टैक्स देना बंद कर देना चाहिए। इससे पहले उन्होंने बताया था कि प्रस्तावित काउंसिल चुनावों के विरोध में लद्दाख में कई जगहों पर प्रदर्शन हो रहे हैं और उनकी रिहाई का मुद्दा भी इन प्रदर्शनों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि उन्हें अदालतों पर पूरा भरोसा है।
