सर्दी के साथ कोहरे का असर बढ़ने और सड़क पर सफर की चुनौतियां बढ़ने को देखते हुए सोनभद्र डिपो ने बसों के संचालन का नया सुरक्षा खाका तैयार किया है। इसके तहत अब लंबी दूरी की यात्राओं के लिए डिपो से नई बसें ही रवाना होंगी, जबकि पुरानी बसों को कम दूरी वाले मार्गों पर लगाया जाएगा। मकसद यह है कि कोहरे के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता न हो और तकनीकी रूप से बेहतर बसें ही लंबी दूरी तय करें।
सोनभद्र डिपो के बेड़े में कुल 80 बसें हैं, जिनमें 44 नई बसें शामिल हैं। इन नई बसों को वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर सहित अन्य लंबी दूरी के मार्गों पर प्राथमिकता से संचालित किया जाएगा। वहीं पुरानी बसों को राबर्ट्सगंज से दुद्धी, घोरावल, ओबरा और अनपरा सहित आसपास के स्थानीय मार्गों पर भेजा जाएगा। वाराणसी, मीरजापुर और चंदौली के कम दूरी वाले मार्गों पर भी इनका संचालन होगा।
डिपो प्रशासन ने बसों के रखरखाव पर भी सख्ती दिखाई है। निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी बस में शीशा टूटा पाया गया तो संबंधित जिम्मेदार की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कोहरे की स्थिति में टूटा शीशा दृश्यता को और कम कर देता है, जिससे दुर्घटना की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। इसलिए फोरमैन को नियमित निरीक्षण करने और बसों की समय से मरम्मत सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
सोनभद्र डिपो के एआरएम नागेंद्र पांडेय के अनुसार, डिपो में इस समय 80 बसें हैं, जिनमें से 44 नई बसें लंबी दूरी के लिए संचालित की जा रही हैं। ठंड के मौसम में लंबी दूरी की यात्रा के लिए इन्हीं बसों का संचालन किया जाएगा, जबकि पुरानी बसें कम दूरी की यात्रा में शामिल होंगी।
