मुंबई एयरपोर्ट पर मंगलवार शाम स्पाइसजेट की कई उड़ानें रवाना नहीं हो सकीं। शाम 7 बजे के बाद एयरलाइन की कोई भी फ्लाइट एयरपोर्ट से नहीं उड़ी, जिससे सैकड़ों यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। देरी और सही जानकारी न मिलने से नाराज यात्रियों ने टिकट काउंटर के बाहर हंगामा किया और एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी की। देर रात की उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा; रात 11:30 बजे रवाना होने वाली एक फ्लाइट की बोर्डिंग तक शुरू नहीं हो पाई थी। करीब 9 घंटे की देरी के बाद फ्लाइट्स ने उड़ान भरी।

आर्थिक संकट और कमजोर परिचालन से जूझ रही स्पाइसजेट की उड़ानों में गड़बड़ी के पीछे कंपनी की परिचालन संबंधी परेशानियां भी सामने आई हैं। पिछले हफ्ते दुबई से आने-जाने वाली चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी डीएनाटा (Dnata) ने बकाया भुगतान न मिलने के कारण चेक-इन सेवाएं रोक दी थीं। स्पाइसजेट पर कंपनी का 1.4 करोड़ UAE दिरहम यानी करीब 35.8 करोड़ रुपए बकाया था। हालांकि, यह रोक 12 नवंबर तक ही थी।

डीजीसीए के सितंबर के आंकड़ों के मुताबिक, स्पाइसजेट ने अपनी निर्धारित उड़ानों में से 20% से ज्यादा रद्द की थीं। इस दौरान एयरलाइन की समय पर उड़ान भरने की दर (ऑन-टाइम परफॉर्मेंस) सिर्फ 16.6% रही, जबकि इंडस्ट्री का औसत इससे काफी बेहतर था। सितंबर में करीब 36 हजार यात्रियों को दो घंटे से ज्यादा की देरी का सामना करना पड़ा, जबकि 21,700 यात्री उड़ानें रद्द होने से प्रभावित हुए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरलाइन के बेड़े में विमानों की संख्या घटकर करीब 12 से 13 रह गई है। वहीं, सितंबर में स्पाइसजेट की घरेलू बाजार हिस्सेदारी घटकर 0.6% पर पहुंच गई। लगातार रद्द होती उड़ानों और देरी से यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है। फिलहाल स्पाइसजेट ने मुंबई एयरपोर्ट पर हुई ताजा अव्यवस्था को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।