सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची में नाम बहाल करने के लिए दायर कुल 38 लाख अपीलों में से 22 लाख अपीलों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। अदालत ने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए इनमें से भी कोलकाता नगर निगम के वार्डों से जुड़े मामलों की सुनवाई अन्य मामलों से पहले की जाए। साथ ही अदालत ने राज्य सरकार से उन आरोपों पर जवाब मांगा है कि मतदाता सूची के एसआईआर के दौरान जिन मतदाताओं के नाम काटे गए, उन्हें राशन और विभिन्न सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा रहा है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कलकत्ता हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से चुनाव आयोग के परामर्श से अधिकरणों की संख्या बढ़ाने को कहा, जो वर्तमान में 19 है। ये अधिकरण 90 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने के खिलाफ दायर 38 लाख अपीलों के निपटारे के लिए गठित किए गए हैं। इन मतदाताओं को अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लिकेट या मृत घोषित किया गया था, या मैपिंग से जुड़ी लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी के कारण चिह्नित किया गया था। पीठ ने चुनाव आयोग से अपीलकर्ताओं की आसान पहुंच के लिए विभिन्न स्थानों पर अधिकरणों के संचालन हेतु अतिरिक्त जगह की व्यवस्था करने को भी कहा।

यह निर्देश अधिवक्ता प्रशांत भूषण की उस दलील के बाद आया, जिसमें उन्होंने अदालत को बताया कि अधिकरणों द्वारा अब तक निपटाई गई 1.4 लाख अपीलों में से 90 प्रतिशत से अधिक स्वीकार कर ली गई हैं और उन लोगों के नाम मतदाता सूची में बहाल हो गए हैं। भूषण ने कहा कि यह बड़े सैंपल साइज पर आधारित मजबूत संकेत है। वरिष्ठ अधिवक्ता जी. शंकरनारायणन के समर्थन के साथ उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार नाम काटे गए मतदाताओं को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राशन और अन्नपूर्णा योजना सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित कर रही है।

सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने इन आरोपों को निराधार बताया और कहा कि याचिकाकर्ताओं ने अपने दावों की पुष्टि के लिए एक भी उदाहरण पेश नहीं किया है। फिर भी पीठ ने राज्य सरकार को इन आरोपों पर अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। इसी से जुड़े एक अन्य मामले में अदालत ने राज्य सरकार की उस अपील पर सुनवाई बुधवार तक के लिए स्थगित कर दी, जिसमें कलकत्ता हाई कोर्ट की खंडपीठ के उस अंतरिम आदेश को चुनौती दी गई है जिसमें राज्य चुनाव आयोग को कोलकाता नगर निगम चुनावों का कार्यक्रम घोषित करने से रोका गया था। हाई कोर्ट के इस आदेश में एक संशोधन अधिनियम के जरिए वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 किए जाने को लेकर रोक लगाई गई थी। मेहता ने दलील दी कि हाई कोर्ट ने गलती से यह निष्कर्ष निकाला कि राज्य सरकार के पास वार्डों की संख्या बढ़ाने का अधिकार क्षेत्र नहीं है।