सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार, 18 नवंबर को उस जनहित याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें धर्म के नाम पर पशु बलि पर रोक लगाने की मांग की गई थी। याचिका में मंदिरों में दी जाने वाली बलि का भी जिक्र किया गया था और इसे अनुचित बताया गया था। देश के भावी मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विक्रम नाथ की अगुवाई वाली तीन जजों की पीठ ने याचिका खारिज की। पीठ में जस्टिस विक्रम नाथ के अलावा जस्टिस आर. महादेवन और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह शामिल थे।
याचिका में 'पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960' की धारा 28 में संशोधन की मांग की गई थी। इस धारा में कहा गया है कि अधिनियम के तहत किसी भी समुदाय के धर्म के अनुसार जानवर की हत्या करना अपराध नहीं माना जाएगा। वकील श्रुति बिष्ट द्वारा दायर याचिका में उस प्रावधान को हटाने की मांग की गई थी, जिसके तहत धार्मिक अनुष्ठानों या प्रथाओं के हिस्से के रूप में जानवरों की बलि देने की छूट दी गई है। याचिका में धार्मिक आयोजनों के दौरान जानवरों को मारे जाने से रोकने के निर्देश देने और अधिकारियों को इस प्रथा के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश देने की भी मांग की गई थी।
याचिका में कहा गया था कि हिमालयी क्षेत्र, पूर्वोत्तर, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के साथ-साथ अन्य देशों में भी जानवरों की बलि देने की प्रथा जारी है। संवैधानिक आधार पर याचिकाकर्ता ने तर्क दिया था कि अनुष्ठानों में जानवरों की हत्या करना अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन के अधिकार का उल्लंघन है, क्योंकि जीवन केवल इंसानों तक सीमित नहीं है। याचिका में सख्त कानून बनाने, जन-जागरूकता अभियान चलाने और गैर-सरकारी संगठनों के साथ मिलकर काम करने की मांग भी की गई थी।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि हिंदू धर्मग्रंथों, जिनमें अथर्ववेद, सामवेद और यजुर्वेद शामिल हैं, में सभी जीवित प्राणियों के प्रति करुणा रखने पर जोर दिया गया है। बेंच ने इन दलीलों पर ध्यान दिया, लेकिन याचिका खारिज कर दी। इससे पहले इसी साल मार्च में भी यह मामला जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की पीठ के सामने आया था, जब कोर्ट ने केंद्रीय पशुपालन मंत्रालय से जवाब मांगा था। जस्टिस विक्रम नाथ जस्टिस सूर्यकांत की सेवानिवृति के बाद फरवरी 2027 में देश के मुख्य न्यायाधीश पद की कमान संभालेंगे, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट में वही सबसे वरिष्ठतम जज हैं। उनका कार्यकाल करीब सात महीने का होगा और वह सितंबर 2027 में रिटायर हो जाएंगे।
