सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार, 26 नवंबर को पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर फ्रंट ऑफ पैक न्यूट्रिशन लेबलिंग (एफओपीएलएल) लागू करने के संबंध में अहम निर्देश दिए। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने '3एस एंड अवर हेल्थ सोसायटी बनाम यूनियन ऑफ इंडिया' मामले में यह फैसला सुनाया। अदालत ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) से कहा है कि जिन पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट की मात्रा तय सीमा से अधिक हो, उनके पैकेट के सामने अलग-अलग चेतावनी वाले निशान लगाए जाएं। अदालत ने कहा कि स्वास्थ्य का अधिकार, भोजन का अधिकार और उपभोक्ताओं को सही जानकारी के आधार पर फैसला लेने का अधिकार एक-दूसरे से जुड़े हैं, इसलिए सरकार की ज़िम्मेदारी है कि वह ऐसे नियम बनाए जिनसे लोगों को खाने की चीज़ों के बारे में ज़रूरी जानकारी मिल सके।
निर्देश के मुताबिक, पैकेट के सामने लाल रंग के हेक्सागन यानी छह कोनों वाले निशान लगाए जाएंगे। इन पर संबंधित पोषक तत्व की तस्वीर के साथ 'हाई फैट', 'हाई शुगर' या 'हाई सॉल्ट' लिखा होगा। अगर किसी उत्पाद में एक से अधिक पोषक तत्व तय सीमा से ज़्यादा हैं, तो उसके पैकेट पर हर पोषक तत्व के लिए अलग चेतावनी लगानी होगी। अदालत ने यह भी कहा है कि हर चेतावनी वाले निशान का आकार पैकेट के सामने के मुख्य हिस्से का कम-से-कम 4 से 5 फीसदी होना चाहिए और उसके भीतर लिखे शब्द इतने स्पष्ट और बड़े होने चाहिए कि खरीदारी के दौरान उपभोक्ता उन्हें आसानी से पढ़ सकें। मकसद यह है कि लोगों को पैकेट के पीछे लिखी छोटी-छोटी जानकारियों को समझने के लिए मशक्कत न करनी पड़े।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश का एक अहम पहलू यह है कि चीनी की मात्रा तय करने के लिए सिर्फ़ एडेड शुगर यानी अलग से मिलाई गई चीनी को नहीं, बल्कि टोटल शुगर यानी कुल चीनी को आधार बनाया जाए। अदालत ने कहा कि एडेड शुगर को अलग से जांचना और सत्यापित करना मुश्किल है, जिससे कंपनियों के लिए ऐसे तरीकों का इस्तेमाल करने की गुंजाइश रह सकती है जिनसे उत्पाद में चीनी की अधिक मात्रा होने के बावजूद चेतावनी से बचा जा सके। बाल रोग विशेषज्ञ और न्यूट्रिशन एडवोकेसी इन पब्लिक इंटरेस्ट (एनएपीआई) के कन्वीनर डॉ. अरुण गुप्ता कहते हैं कि खाद्य उत्पादों में टोटल शुगर को मापना अधिक व्यावहारिक है, क्योंकि लैब में कुल चीनी की मात्रा का पता तो लगाया जा सकता है, लेकिन उसमें से कितनी चीनी अलग से मिलाई गई है और कितनी प्राकृतिक रूप से मौजूद है, इसे अलग-अलग पहचानना मुश्किल होता है।
चीनी के अलावा अदालत ने फैट के मामले में भी बदलाव का निर्देश दिया है। चेतावनी तय करने के लिए एडेड फैट की जगह सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, खाने में सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा एलडीएल यानी खराब कोलेस्ट्रॉल को बढ़ा सकती है, जिससे दिल की बीमारियों का जोखिम बढ़ता है। डब्ल्यूएचओ की सलाह है कि वयस्कों की रोज़ाना कुल ऊर्जा में सैचुरेटेड फैट की हिस्सेदारी 10 फीसदी से अधिक नहीं होनी चाहिए। अदालत ने एफएसएसएआई को चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट के लिए तय की जाने वाली सीमा पर भी दोबारा विचार करने को कहा है। अदालत के मुताबिक, यह सीमा न तो इतनी कम होनी चाहिए कि लगभग हर पैकेट पर चेतावनी लग जाए और न इतनी ज्यादा कि जिन उत्पादों पर चेतावनी होनी चाहिए, वे भी इससे बच निकलें। सीमा बहुत कम रखे जाने पर बड़ी संख्या में उत्पादों पर चेतावनी दिखाई देगी और लोग धीरे-धीरे इन्हें नज़रअंदाज़ करने लग सकते हैं, जिसे 'लेबल फैटीग' कहा जाता है। वहीं, सीमा बहुत अधिक रखे जाने पर अधिक चीनी, नमक या सैचुरेटेड फैट वाले कई उत्पाद चेतावनी से बच जाएंगे और उपभोक्ता उनसे जुड़े जोखिमों से अनजान रह सकते हैं। अदालत ने कहा है कि एफएसएसएआई को वैज्ञानिक सबूतों को ध्यान में रखते हुए ये सीमाएं
