सुप्रीम कोर्ट ने दल-बदल विरोधी कानून में व्यापक सुधार और जनप्रतिनिधियों के 'रणनीतिक इस्तीफों' के कथित दुरुपयोग को रोकने की मांग वाली जनहित याचिका पर केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग और विधि आयोग से जवाब तलब किया है। प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने सोमवार को ए. सेतु की याचिका पर विधि एवं न्याय मंत्रालय तथा संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किए।
एडवोकेट आर. सतीश कुमार और एडवोकेट जतिन के माध्यम से दायर याचिका में कहा गया है कि अयोग्यता की कार्यवाही का सामना कर रहे या इसकी आशंका वाले सांसद और विधायक अक्सर स्पीकर या सभापति के गुण-दोष के आधार पर निर्णय लेने से पहले ही इस्तीफा दे देते हैं। याचिका के अनुसार, इससे विधानसभाओं का संख्याबल बदल सकता है, राजनीतिक जोड़-तोड़ को बढ़ावा मिल सकता है और संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत दल-बदल कानून के परिणामों से बचा जा सकता है।
याचिका में निर्देश देने की मांग की गई है कि दसवीं अनुसूची के तहत किसी सदस्य के खिलाफ अयोग्यता की कार्यवाही लंबित या संभावित होने पर उसका इस्तीफा स्वतः ही इस कार्यवाही को समाप्त न करे। साथ ही स्पीकर और सभापति ठोस तथ्यों के आधार पर इस्तीफे की स्वैच्छिकता व वास्तविकता की जांच कर तर्कसंगत आदेश पारित करें और अयोग्यता याचिका पर स्वतंत्र रूप से निर्णय लें।
याचिका में इस्तीफों और अयोग्यता मामलों का समयबद्ध, तर्कसंगत और पारदर्शी निपटारा करने, स्पीकर-केंद्रित व्यवस्था की संस्थागत समीक्षा करने तथा त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार बनाने के लिए अनुच्छेद 188 के तहत शपथ ग्रहण के बाद केवल सदन के भीतर ही बहुमत परीक्षण सुनिश्चित करने का निर्देश देने की गुहार भी लगाई गई है।
