तमिलनाडु में एक स्कूल री-यूनियन से शुरू हुआ रिलेशनशिप डबल मर्डर तक पहुंच गया है। पुलिस ने इस मामले में संजय गांधी नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके एक साथी की हत्या की है। पुलिस इस डबल मर्डर के पीछे प्यार और जलन को वजह मान रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह पूरा मामला तिरुवन्नमलाई जिले के एक स्कूल से जुड़ा है, जहां आरोपी संजय और दोनों मृतक पढ़ाई करते थे। री-यूनियन के दौरान संजय और मृतका की मुलाकात हुई और दोनों करीब आने लगे। लेकिन कुछ समय पहले से लड़की ने संजय से दूरी बनानी शुरू कर दी। इससे संजय को लगा कि वह किसी और लड़के से बात कर रही है। पुलिस के मुताबिक, इसी जलन में आकर उसने लड़की और उसके कथित प्रेमी की हत्या कर दी।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, मृतक आपस में रिश्तेदार थे और एक कैब से घटना स्थल पर आए थे। जैसे ही वे उतरे, घात लगाकर बैठे संजय ने उनकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस जांच कर रही है कि हत्याएं किन परिस्थितियों में हुईं। पुलिस का कहना है कि हत्या की सही वजह जांच के बाद ही सामने आ सकेगी और फिलहाल हर ऐंगल से मामले की जांच की जा रही है।
इस बीच, डबल मर्डर के बाद राज्य की सियासत भी गरमा गई है। विपक्ष के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने सरकार की आलोचना की है और मुख्यमंत्री विजय से कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी लेने की मांग की है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने तिरुपत्तूर की इस दोहरी हत्या और पिछली रात पल्लावरम में एक अन्य युवक की हत्या का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सत्ता में आने के बाद से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है और उसका ध्यान अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय दूसरों पर दोष मढ़ने और सोशल मीडिया रील्स के जरिए अपनी छवि सुधारने पर ज्यादा है।
