कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखे जाने को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। राज्य सरकार के इस फैसले पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) लगातार सवाल उठा रही है। राजद नेता रोहिणी आचार्य के बाद मंगलवार को पटना में पत्रकारों से बातचीत में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 21 नवंबर को इस पुल का उद्घाटन करेंगे।
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि पुल के शिलान्यास के समय ही इसका नाम स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय अक्षयवट राय के नाम पर रखने पर सहमति बनी थी। उस समय वे विभागीय मंत्री और उपमुख्यमंत्री थे और उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस संबंध में विस्तृत चर्चा की थी। उनके अनुसार, अक्षयवट राय इसी क्षेत्र के सुप्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी थे और पुल उनके पैतृक गांव से होकर गुजरता है। वे पूर्व मुख्यमंत्री और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के विश्वस्त सहयोगियों में शामिल थे।
तेजस्वी ने दावा किया कि लालू प्रसाद की उपस्थिति में नीतीश कुमार ने पुल का नाम 'अक्षयवट सेतु' रखने पर सहमति दी थी और तय हुआ था कि उद्घाटन के अवसर पर इसी नाम की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में जब वह फिर उपमुख्यमंत्री बने तो निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान भी नीतीश कुमार से इस विषय पर दोबारा चर्चा हुई और 'अक्षयवट सेतु' नाम रखने का निर्णय ही दोहराया गया था।
तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें ऐसी अनुभूति है कि यदि नीतीश कुमार सचेत अवस्था और होश-हवास में होते तो इस पुल का नाम 'अक्षयवट सेतु' ही रखा जाता। उन्होंने कहा कि जीवित व्यक्ति के नाम पर मूर्ति या पुल का नामकरण नहीं किया जाता, लेकिन मैसेज देने की कोशिश की जा रही है कि नीतीश कुमार पॉलिटिकली खत्म हो गए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 13 नवंबर को कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर 'नीतीश सेतु' रखने की घोषणा की थी।
