तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को पत्थर के स्तंभ दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाया गया। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हाई कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों एस. वैद्यनाथन और वी. पार्थिबन की मौजूदगी में शाम पांच बजे यह दीप प्रज्वलित किया गया। 150 से अधिक वर्षों में पहली बार इस स्थान पर दीप जलाया गया। इस अवसर पर भगवान मुरुगन के जयकारों के बीच श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के सदस्य भावुक हो गए। कई श्रद्धालुओं की आंखों में आंसू आ गए और उन्होंने फूल बरसाए। शंख और पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाए गए और आतिशबाजी भी की गई।

मिट्टी के बड़े दीपक में 30 किलोग्राम घी और पांच किलो कपूर डाला गया था, जिसमें करीब 50 मीटर लंबी सूती बाती बनाई गई थी। सीआरपीएफ के आईजी विक्रम ने बताया कि दीपथून के पास आम लोगों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई थी और समारोह में चुनिंदा लोग शामिल थे। पहाड़ी की तलहटी में हजारों श्रद्धालु जुटे और इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने। लोग पास के फ्लाईओवर, घरों और ऊंची इमारतों की छतों पर भी खड़े रहे।

ब्रिटिश शासन के दौरान 1862 और 1912 में किए गए प्रयासों सहित पहले की कोशिशें नाकाम रहने के बाद पहली बार इस स्थान पर दीपम जलाया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि 19वीं सदी के मध्य से पहले पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में दीप जलाने की कोशिश हुई थी या वहां दीप जलाया गया था। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध हिंदू मुन्नानी ने पिछली सदी के नौवें दशक की शुरुआत में जनमत जुटाने और जन आंदोलन खड़ा करने की पहल की थी, जिसके बाद अदालतों में कानूनी लड़ाई चली।

सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून पर दीपक नहीं जलाए जाने पर शुक्रवार को गहरी नाराजगी जताते हुए तमिलनाडु के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया था। कोर्ट ने 28 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का आदेश दिया और मंदिर तथा तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंप दी थी। तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार ने वार्षिक कार्तिगई दीपम का आयोजन उच्ची पिल्लैयार मंडपम में किया था, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इसे पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर जलाने का निर्देश दिया था। विवाद इस बात को लेकर है कि पारंपरिक तमिल हिंदू त्योहार का सालाना दीपक कहां जलाया जाए। पहाड़ी पर भगवान मुरुगन को समर्पित अरुल्मिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के साथ हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया की दरगाह और शिखर के पास एक मस्जिद भी है।