दीपावली और छठ पर्व के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में 2 करोड़ से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर 6 से 17 नवंबर तक विशेष परिवहन व्यवस्था लागू की गई थी, जिसके तहत व्यापक स्तर पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि पर्वों के दौरान यात्रियों की अधिक आवक को देखते हुए 6 नवंबर से 17 नवंबर तक यह विशेष व्यवस्था लागू रही। इस अवधि में यात्रियों की आवश्यकता और आवागमन के दबाव के अनुरूप अधिक से अधिक बसों का संचालन सुनिश्चित किया गया। उनके अनुसार 6 नवंबर को 18.06 लाख से अधिक, 7 नवंबर को 16.72 लाख से अधिक, 8 नवंबर को 17.36 लाख से अधिक, 9 नवंबर को 14.12 लाख से अधिक, 10 नवंबर को 16.42 लाख से अधिक, 11 नवंबर को 19.45 लाख से अधिक, 12 नवंबर को 19.26 लाख से अधिक, 13 नवंबर को 22.40 लाख से अधिक, 14 नवंबर को 20.07 लाख से अधिक, 15 नवंबर को 20.13 लाख से अधिक, 16 नवंबर को 17.15 लाख से अधिक तथा 17 नवंबर को 31.27 लाख से अधिक यात्रियों ने निगम की बसों से यात्रा की।
परिवहन मंत्री ने कहा कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान विशेष रूप से पूर्वांचल क्षेत्र में यात्रियों का आवागमन काफी बढ़ जाता है। प्रदेश के विभिन्न महानगरों और अन्य प्रदेशों के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत लोग त्योहार मनाने के लिए बड़ी संख्या में अपने घर जाते हैं। यात्रियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए परिवहन निगम ने पूर्वांचल सहित प्रदेश के प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की, जिससे यात्रियों को समय से उनके गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा मिल सकी।
उन्होंने कहा कि योगी सरकार आमजन को सुरक्षित, सुलभ और बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। त्योहारों के दौरान बसों की कमी से यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए परिवहन निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने समन्वय के साथ विशेष प्रयास किए। बसों के अतिरिक्त संचालन और बेहतर प्रबंधन से यात्रियों के आवागमन को सुचारु बनाए रखा गया।
