अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने दिसंबर 2026 के लिए वीजा बुलेटिन जारी कर दिया है, जिसमें अलग-अलग कैटेगरी में भारतीय वर्कर्स को ग्रीन कार्ड के लिए कितना इंतजार करना होगा, यह बताया गया है। भारतीय वर्कर्स की एक कैटेगरी को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन बाकी कैटेगरी के कामगारों को राहत मिलती नजर नहीं आ रही है।

वीजा बुलेटिन में हर ग्रीन कार्ड कैटेगरी और देश के लिए 'कट-ऑफ डेट्स' होती हैं, जो बताती हैं कि वर्कर ग्रीन कार्ड पाने के लिए कतार में किस जगह है। नौकरी से जुड़े ज्यादातर मामलों में यह वह तारीख होती है जब PERM लेबर सर्टिफिकेशन फाइल किया गया था या, अगर PERM की जरूरत नहीं थी, तो जब I-140 फाइल किया गया था। यह जानकारी I-140 अप्रूवल नोटिस पर मिलती है। अगर प्रायोरिटी डेट कट-ऑफ डेट से पहले की है तो वर्कर की बारी आ चुकी मानी जाती है, वरना इंतजार करना होता है।

बुलेटिन की दो अहम तारीखें होती हैं। फाइनल एक्शन डेट वह तारीख है जब ग्रीन कार्ड असल में अप्रूव होता है, जबकि डेट्स फॉर फाइलिंग वह तारीख है जब वर्कर को फॉर्म I-485 जमा करने की इजाजत मिल सकती है। यह आमतौर पर कतार में पहले होती है, इसलिए FAD से आगे चलती है। नौकरी के आधार पर मिलने वाले ग्रीन कार्ड की पांच कैटेगरी हैं, जिनमें से तीन भारतीयों के लिए अहम हैं। EB-1 में टॉप रिसर्चर्स, एग्जिक्यूटिव और असाधारण योग्यता वाले लोग आते हैं, EB-2 में अडवांस्ड डिग्री होल्डर और असाधारण क्षमता वाले वर्कर्स, और EB-3 में स्किल वर्कर्स व प्रोफेशनल्स शामिल हैं। ज्यादातर H-1B वर्कर्स EB-3 कैटेगरी का हिस्सा होते हैं।

भारतीय आवेदकों के लिए EB-1 की फाइनल एक्शन डेट 1 फरवरी 2023, EB-2 की 1 नवंबर 2013 और EB-3 की 22 जनवरी 2014 है। EB-3 कैटेगरी वालों की तारीखें बदली हैं, क्योंकि उनकी पहली फाइनल एक्शन डेट 1 जनवरी 2014 थी। यानी इस महीने शुरुआती दो कैटेगरी के लिए फाइनल एक्शन डेट्स में कोई बदलाव नहीं हुआ है। चीन के नागरिकों से तुलना करें तो चीन की EB-2 तारीख 1 अक्टूबर 2021 है, जो भारत की 1 नवंबर 2013 की तारीख से लगभग आठ साल आगे है। यह अंतर बताता है कि भारतीयों को लंबा इंतजार क्यों करना पड़ता है, क्योंकि हर देश को वीजा का सीमित कोटा मिलता है और भारत में आवेदकों की संख्या वीजा की संख्या से कहीं ज्यादा है।