उत्तराखंड परिवहन निगम (रोडवेज) ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग करने वाले यात्रियों के लिए कैशबैक योजना लागू की है। महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह के अनुसार, पेटीएम और यूपीआई के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। हालांकि, क्यूआर से भुगतान करने वाले यात्री इस योजना की पात्रता से बाहर रहेंगे।

योजना के तहत यात्री को 100 और 50 रुपये तक कैशबैक के साथ गोल्ड काइन भी दिया जाएगा। ऑनलाइन भुगतान की न्यूनतम धनराशि 99 रुपये रखी गई है। ऑनलाइन भुगतान के बाद यात्री को स्क्रैच कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।

वाउचर की धनराशि 24 घंटे के भीतर खाते में रिफंड की जाएगी। वाउचर की समय अवधि एक सप्ताह रखी गई है, जिसके बाद वाउचर मान्य नहीं होगा।

क्रांति सिंह ने बताया कि रोडवेज यात्रियों को तमाम सुविधाओं के साथ-साथ इस स्कीम का लाभ भी दे रहा है, जिसका यात्री लाभ उठा सकते हैं।