उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और सामान्य से अधिक तापमान के कारण दिन में गर्माहट महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से दो दिसंबर की रात से मौसम में बदलाव आने की संभावना है। इसके प्रभाव से पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं।
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार तीन दिसंबर को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इन जिलों में 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। प्रदेश के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ दो दिसंबर की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इससे पहले प्रदेश के सभी जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पर्वतीय जिलों की घाटियों में कहीं-कहीं रात और सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है।
नवंबर के अंतिम दिनों में भी प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। दिन में धूप खिलने से गर्माहट बनी हुई है, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का असर महसूस हो रहा है।
