ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति ने न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये करने समेत अपनी मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी दी है। समिति के अनुसार यदि प्रधानमंत्री और श्रम मंत्री 31 दिसंबर तक पेंशनरों की मांगें पूरी नहीं करते, तो देशभर के पेंशनर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
शनिवार को वाराणसी में लालबहादुर शास्त्री घाट, कचहरी के निकट समिति की ओर से पेंशनर सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों के विभिन्न विभागों के पेंशनरों ने भाग लिया। समिति की प्रमुख मांगों में ईपीएस-95 के तहत न्यूनतम पेंशन 7500 रुपये करने के साथ महंगाई भत्ता बढ़ाना, पति-पत्नी को मुफ्त चिकित्सा सुविधा और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार सभी पात्र पेंशनरों को समान रूप से हायर पेंशन का लाभ देना शामिल है।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राऊत ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से देशभर में पेंशन बढ़ोतरी के लिए आंदोलन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री से दो बार मुलाकात के दौरान आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई घोषणा नहीं हुई, जिससे देश के 81 लाख पेंशनरों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को उनका वादा याद दिलाने के लिए देशभर के पेंशनर वाराणसी पहुंचे हैं और पेंशन बढ़ोतरी की मांग तत्काल पूरी करने की अपील की।
राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह राजावत ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से सांसदों और मंत्रियों को पेंशनरों की समस्याओं से अवगत कराकर समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन सरकार की अनदेखी से पेंशनरों में आक्रोश बढ़ रहा है। राष्ट्रीय मुख्य समन्वयक रमाकांत नरगुंड ने कहा कि 19 नवंबर को दिल्ली में आयोजित सीबीटी बैठक से पहले श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने समिति के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर जो आश्वासन दिया था, उसे तत्काल पूरा किया जाए।
प्रांतीय अध्यक्ष ओम शंकर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन को राष्ट्रीय सचिव राजीव भटनागर, राजशेखर नागर, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ताई आरस, राष्ट्रीय महामंत्री सरिता ताई नारखेड़े, उत्तर भारत के मुख्य समन्वयक सुरेश डंगवाल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बीएस नारखेड़े, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष शशिभान सिंह भदौरिया, हरियाणा के अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, जेपी मिश्रा, कर्नाटक से एसएन कुलकर्णी, सुबन्ना, एजाज उर रहमान, गुजरात के सतीश शुक्ला, दया राम भंडारी और हिमाचल प्रदेश से पीएस गुलेरिया सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तराखंड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक समेत कई राज्यों के पेंशनरों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
